देश
गुजरात में बारिश से 8 मौतें,हिमाचल में बादल फटा:महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात, NDRF अलर्ट पर, पुणे में स्कूल बंद, मुंबई में ट्रेनें लेट

गुजरात में पिछले 3-4 दिनों से तेज बारिश का दौर चल रहा है। इससे वडोदरा, सूरत, भरूच और आणंद समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सिर्फ वडोदरा में ही 24 घंटे में 13.5 इंच बारिश हुई है। राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में कुल 8 लोगों की मौत हुई है।
इन जिलों के निचले इलाकों से 826 लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट करना पड़ा है। कई जगहों पर स्कूलों-कॉलेजों की भी छुट्टी कर दी गई है। NDRF और SDRF की टीमें भी तैनात की गई हैं। ट्रेन सर्विसेस भी बाधित हुई हैं।
इसके अलावा महाराष्ट्र के भी कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। NDRF को अलर्ट पर रखा गया है। पुणे, ठाणे, रायगढ़ और पालघर में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। सिर्फ पुणे में ही बारिश संबंधित घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई है।
मुंबई में जलभराव के कारण लोकल ट्रेनें 20 से 25 मिनट की देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग ने बताया कि शहर में देर रात से अभी तक 100mm से ज्यादा बारिश हुई है। वहीं, लोनावला में पिछले 24 घंटे में 275mm बारिश हुई है।
कर्नाटक में तेज बारिश के कारण कावेरी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसके चलते मैसूर में स्थित कृष्णराज सागर डैम 100 प्रतिशत क्षमता तक भर गया है। डैम में बुधवार सुबह 8 बजे तक 124.80 फीट तक पानी भर गया था। पिछले साल सीजन के इस समय तक डैम 95 फीट तक ही भरा था।






You must be logged in to post a comment Login