देश
पुलिस बोली- महिला CEO ने बच्चे का मर्डर प्लान किया,होटल रूम से कफ सीरप की बॉटल्स मिलीं..
बेंगलुरु की स्टार्टअप कंपनी की CEO सूचना सेठ ने अपने 4 साल के बेटे की हत्या प्लान की थी। इसी प्लानिंग के तहत 39 साल की सूचना अपने बेटे को लेकर गोवा आई और होटल रूम में उसका मर्डर किया। गोवा पुलिस ने मर्डर के दो दिन बाद बुधवार को इस बात की आशंका जाहिर की है।
गोवा पुलिस के मुताबिक, जिस होटल के कमरे में महिला रूकी हुई थी, वहां से कफ सीरप की दो खाली बोटल्स बरामद हुई हैं। पुलिस को शक है कि मर्डर से पहले सूचना ने अपने बेटे को कफ सीरप की हैवी डोज दी होगी। सूचना ने कफ सीरप की एक बोटल होटल के एक स्टाफ से मंगवाई थी। सूचना ने कहा था कि उसे खांसी है।
इधर, बच्चे की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी सामने आई है। कर्नाटक के हिरियूर सरकारी अस्पताल के डॉक्टर कुमार नाइक ने बताया कि बच्चे की मौत पोस्टमॉटर्म से करीब 36 घंटे पहले हुई थी। तकिया या तौलिया से उसका गला घोंटा गया था। बच्चे का चेहरा और छाती सूज गई थी। नाक से भी खून बह रहा था।
क्या है पूरा मामला
बेंगलुरु की स्टार्टअप कंपनी माइंडफुल AI लैब की फाउंडर और CEO सूचना 6 जनवरी को गोवा के सोल बनयान ग्रांडे होटल में अपने बेटे के साथ आई थी। सोमवार (8 जनवरी) को उसने होटल से चेक-आउट किया था। वह टैक्सी से बेंगलुरु के लिए निकली थी।
इधर, होटल स्टाफ सूचना का रूम साफ करने गए तो खून से सना तौलिया देखा। इसके बाद गोवा पुलिस को जानकारी दी गई। सोमवार (8 जनवरी) की रात कर्नाटक पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। मंगलवार को गोवा पुलिस ने सूचना को गिरफ्तार कर लिया। गोवा की मापुसा कोर्ट ने उसे 6 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
तलाक के बाद पति का बच्चे से मिलना मंजूर नहीं था
पुलिस के मुताबिक, सूचना मूल रूप से पश्चिम बंगाल की निवासी है। वह बेंगलुरु में रहती थी। वहीं वेंकट रमन केरल के रहने वाले हैं। दोनों की 2010 में शादी हुई थी। वेंकट रमन एक AI डेवलपर हैं। 2019 में सूचना ने एक बेटे को जन्म दिया।
हालांकि, 2020 से सूचना और उसके पति के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद दोनों ने 2022 में तलाक की अर्जी लगाई। कोर्ट ने आदेश दिया था कि सूचना के पति अपने बच्चे से हर रविवार को मिल सकते हैं। हालांकि सूचना नहीं चाहती थी कि उसका पति बेटे से मिले। पुलिस को शक है कि इसी वजह से सूचना ने अपने बेटे की हत्या की होगी।
मर्डर से पहले वेंकट ने बेटे से बात की थी
घटना के वक्त सूचना का पति वेंकट रमन जकार्ता (इंडोनेशिया) में था। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि 7 जनवरी को वेंकट ने वीडियो कॉल पर अपने बच्चे से बात की थी। इसके बाद सूचना ने बेटे का मर्डर किया।
गोवा पुलिस के बुलाने पर वह 9 जनवरी को कर्नाटक के चित्रदुर्ग आया। उसकी सहमति के बाद बेटे के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। वेंकट रमन बुधवार (10 जनवरी) को अपने बेटे का शव लेकर चित्रदुर्ग से बेंगलुरु पहुंचे। बेंगलुरु के हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मामले का खुलासा कैसे हुआ?
गोवा पुलिस के मुताबिक, 8 जनवरी को होटल की तरफ से उन्हें घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने CCTV चेक किया, जिसमें सूचना अपने बेटे के साथ होटल में आती दिखती है। हालांकि चेक आउट के वक्त वह अकेली थी। इसके बाद गोवा पुलिस हरकत में आई।
टैक्सी से जाने की जिद से शक और बढ़ा
होटल के स्टाफ ने पुलिस को बताया कि सोमवार को महिला अपने कमरे से अकेले बाहर निकली और बेंगलुरु के लिए टैक्सी बुक करने को कहा। स्टाफ ने महिला से कहा कि कैब का किराया ज्यादा होगा। उसने सूचना को फ्लाइट से बेंगलुरु जाने की सलाह दी। हालांकि वह टैक्सी से ही जाने की जिद कर रही थी। स्टाफ ने टैक्सी बुलाई, जिससे सूचना अपना सामान लेकर बेंगलुरु के लिए गई।
गोवा पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर से संपर्क किया, फिर सूचना तक पहुंची
गोवा पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर को फोन किया और सूचना से बात करवाने को कहा। पुलिस ने सूचना से उसके बेटे के बारे में पूछा। सूचना ने दावा किया कि उसका बेटा गोवा के फतोर्डा में एक रिश्तेदार के घर पर है। सूचना ने एक पता भी बताया, जो फर्जी निकला।
इसके बाद गोवा पुलिस का शक और पक्का हो गया। पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर को तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन जाने के लिए कहा। टैक्सी ड्राइवर सूचना को लेकर कर्नाटक के चित्रदुर्ग पुलिस स्टेशन पहुंचा। वहां उसके बैग में बच्चे का शव मिला। इसके बाद कर्नाटक पुलिस ने सूचना को हिरासत में ले लिया।
You must be logged in to post a comment Login