Connect with us

मध्य प्रदेश

‘गांव के लोगों को बांटकर पार्टियों ने अपनी दुकानें चलाईं’,पीएम मोदी बोले- छिंदवाड़ा के जिन लोगों पर आपने भरोसा किया..

Published

on

'गांव के लोगों को बांटकर पार्टियों ने अपनी दुकानें चलाईं',पीएम मोदी बोले- छिंदवाड़ा के जिन लोगों पर आपने भरोसा किया.. July 8, 2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर पंचायतों से भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, पूज्य बापू कहते थे कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है, लेकिन कांग्रेस ने गांधी के विचारों को अनसुना किया। 90 के दशक में पंचायती राज के नाम पर खानापूर्ति की। गांव के लोगों को बांटकर राजनीतिक दलों ने अपनी दुकानें चलाईं।

प्रधानमंत्री आज रीवा में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर आयोजित पंचायती राज सम्मेलन में शामिल हुए। वे यहां 31 मिनट बोले। मोदी ने यहां से 2300 करोड़ के रेल प्रोजेक्ट्स और 7853 करोड़ रुपए की 5 नल-जल योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। तीन ट्रेनों को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई।

उन्होंने कहा, मैं कई बार सोचता हूं कि छिंदवाड़ा के जिन लोगों पर आपने लंबे समय तक भरोसा किया, वे आपके विकास को लेकर, इस क्षेत्र के विकास को लेकर इतने उदासीन क्यों रहे। इसका जवाब कुछ राजनीतिक दलों की सोच में है। आजादी के बाद जिस दल ने सबसे ज्यादा सरकार चलाई, उसने ही गांवों का भरोसा तोड़ दिया। कांग्रेस शासन के दौरान गांवों को निचले पायदान पर रखा गया। गांवों के साथ इस तरह का सौतेला व्यवहार कर देश आगे नहीं बढ़ सकता।

मोदी के भाषण की 10 प्रमुख बातें…

1). पिछली सरकारें गांवों पर पैसा खर्च करने से बचती थीं

Advertisement

पहले की सरकारों ने गांवों के साथ बड़ा अन्याय किया। गांवों पर पैसा खर्च करने से बचती थीं। गांव अपने आप में कोई वोट बैंक तो था ही नहीं, इसीलिए उन्हें नजरअंदाज किया जाता था। हमारी सरकार ने गांवों के विकास के लिए तिजोरी खोल दी। 2014 के बाद से देश ने पंचायतों के सशक्तिकरण का बीड़ा उठाया। 2014 से पहले पंचायतों के लिए वित्त आयोग का अनुदान 70 हजार करोड़ से भी कम था। 2014 के बाद यह अनुदान 70 हजार से बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया। 2014 से पहले के 10 साल में केंद्र सरकार की मदद से 6 हजार के आसपास पंचायत भवन बनवाए गए थे। हमारी सरकार ने 8 साल के अंदर 30 हजार से ज्यादा नए भवन बनवा दिए हैं।

2). पहले गांवों तक पहुंचने वाला पैसा बीच में लुट जाता था

हमारे गांव के लोगों का पहले देश के बैंकों पर अधिकार नहीं माना जाता था। भुला दिया गया था। लोगों के पास न बैंक खाते होते थे, न सुविधा मिलती थी। सरकार जो पैसा गांव के लोगों के लिए भेजती थी, वो भी बीच में ही लुट जाता था। हमारी सरकार ने इसे भी पूरी तरह बदल दिया। हमने जन-धन योजना चलाई। गांव के 40 करोड़ से ज्यादा लोगों के बैंक खाते खुलवाए। पोस्ट ऑफिस का उपयोग कर गांवों तक बैंक की पहुंच बनाई। आज इसका प्रभाव देश के हर गांव में नजर आ रहा है। सीधा पैसा लोगों के खाते में जा रहा है।

3). आजादी के बाद सरकारों ने पंचायती राज व्यवस्था को ध्वस्त किया

पहले की सरकार ने ग्राम पंचायतों तक ऑप्टिकल फाइबर पहुंचाने की योजना शुरू की थी, लेकिन देश की 70 से भी कम ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा गया। वो भी शहर के बाहर नजदीकी पंचायतों में…। आजादी के बाद की सरकारों ने भारत के पंचायती राज व्यवस्था को ध्वस्त किया। आजादी के बाद इस व्यवस्था पर भरोसा नहीं किया। यह हमारी सरकार है, जो देश की 2 लाख से ज्यादा पंचायतों तक ऑप्टिकल फाइबर को ले गई है। फर्क साफ है।

Advertisement

4). इस रविवार ‘मन की बात’ की सेंचुरी है

इस रविवार ‘मन की बात’ 100 एपिसोड पूरा कर रहा है। आप सभी के योगदान की वजह से ही ‘मन की बात’ आज इस मुकाम तक पहुंचा है। मध्यप्रदेश के अनेक लोगों की उपलब्धियों का जिक्र मैंने ‘मन की बात’ से किया है। इस रविवार फिर मिलने के लिए इंतजार कर रहा हूं, क्योंकि सेंचुरी है। हमारे यहां इसका महत्व ज्यादा ही होता है। आप जरूर जुड़िएगा।

5). भाजपा ने देश की करोड़ों दीदी को लखपति दीदी बनाया

हमारे यहां ट्रेडिशन था- घर, दुकान, गाड़ी, खेत पुरुष के नाम पर, महिलाओं के नाम पर कुछ होता ही नहीं था। हमने यह रिवाज बदला। भाजपा की सरकार ने महिलाओं को घर की मालकिन बनाया। आज के समय में PM आवास का हर घर लाख रुपए से ज्यादा का होता है। भाजपा ने देश में करोड़ों दीदी को लखपति दीदी बनाया है। हमारी सरकार की योजनाएं गांव में महिला सशक्तिकरण कर रही हैं। पिछले 9 साल में 9 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं। सभी दीदियों को प्रणाम करता हूं। आशीर्वाद दीजिए कि देश में और दीदी भी लखपति बनें, इसके लिए हम काम करते रहें।

6). डबल इंजन की सरकार ने खुशियां डबल कर दीं

Advertisement

छिंदवाड़ा – नैनपुर – मंडला फोर्ट रेल लाइन के बिजलीकरण से इस क्षेत्र के लोगों की दिल्ली, हावड़ा, मुंबई तक कनेक्टिविटी और आसान हो जाएगी। इसका बड़ा लाभ आदिवासी भाई- बहनों को होगा। छिंदवाड़ा – नैनपुर के लिए नई ट्रेनें शुरू होने से कई कस्बे और गांव अपने जिला मुख्यालय छिंदवाड़ा और सिवनी से सीधे जुड़ जाएंगे। नागपुर और जबलपुर जाना आसान हो जाएगा। रीवा – इतवारी ट्रेन चलने से सिवनी और छिंदवाड़ा सीधे नागपुर से जुड़ जाएंगे। रेल कनेक्टिविटी यहां पर्यटन और रोजगार बढ़ाएगी। इसका बढ़ा लाभ यहां के किसान, स्टूडेंट्स, छोटे कारोबारियों, दुकानदार को होगा। डबल इंजन की सरकार ने खुशियां डबल कर दीं।

7). पहले प्रॉपर्टी के कागजों पर उलझनें थीं, अब नहीं होंगी

एकीकृत ई-ग्राम स्वराज और जीईएम पोर्टल से पंचायतों के माध्यम से होने वाली खरीद प्रक्रिया सरल और पारदर्शी होगी। पंचायतों को कम कीमत में सामान मिलेगा। स्थानीय छोटे उद्योगों को भी अपना सामान बेचने का माध्यम बनेगा। पंचायतों के सभी सामान इस पोर्टल पर आसानी से मिलेगा। पीएम स्वामित्व योजना पर कहा- प्रॉपर्टी के कागजों को लेकर बहुत उलझनें रहीं। झगड़े-अवैध कब्जे होते थे। पीएम स्वामित्व योजना से सारी स्थितियां बदल रही हैं। गांव में ड्रोन से सर्वे हो रहा है। मैप बन रहे हैं। इस आधार पर बिना किसी भेदभाव के कानूनी दस्तावेज लोगों के हाथ में सौंपे जा रहे हैं। अभी तक देश भर में 75 हजार गांवों में प्रॉपर्टी कार्ड देने का काम पूरा हो चुका है। मध्यप्रदेश सरकार इसमें बहुत बेहतर काम कर रही है।

8). हमें हमारी धरती मां को मारने का हक नहीं

खेती के लिए भी जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। प्राकृतिक खेती पर काम चल रहा है। केमिकल खेती के नुकसान पर चर्चा हुई है। हमने देखा कि कैसे हमारे बेटियों ने धरती मां की तकलीफ के बारे में नाट्य मंचन में बताया। धरती की यह पुकार हमें समझनी होगी। हमें हमारी मां को मारने का हक नहीं है। धरती हमारी मां है। मेरा आग्रह है कि हमारी पंचायतें प्राकृतिक खेती को लेकर जनजागरण अभियान चलाएं। बता दें, सम्मेलन के मंच पर छात्राओं ने पर्यावरण काे लेकर परफॉर्मेंस दी। मोदी मंच से उठे और 11 मिनट खड़े होकर इस परफॉर्मेंस को देखा।

Advertisement

9). नौ करोड़ से ज्यादा परिवार को नल से पानी मिल रहा

गांव के लोगों के लिए सरकार ने हर घर जल योजना शुरू की। इस योजना से देश के 9 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को घर में नल से पानी मिलने लगा। मध्यप्रदेश में पहले गांवों में रहने वाले 13 लाख परिवार तक नल – जल से पानी पहुंचता था, आज MP के गांवों में करीब 60 लाख घरों तक पानी पहुंचने लगा है। एक जिले में तो शत-प्रतिशत है। केंद्र सरकार मुद्रा योजना भी चला रही है। इस योजना के तहत पिछले वर्षों में लोगों को 24 लाख करोड़ रुपए की मदद की गई है। इससे लोगों ने अपना रोजगार शुरू किया है।

10). हमारा लक्ष्य एक- जन सेवा से राष्ट्र सेवा

हम सभी इस देश के लिए, इस लोकतंत्र के लिए समर्पित हैं। काम के दायरे भले अलग हों, लेकिन लक्ष्य एक है- जन सेवा से राष्ट्र सेवा। मुझे खुशी है कि गांव, गरीब का जीवन आसान बनाने के लिए, जो भी योजना केंद्र सरकार ने बनाई, उन्हें हमारी पंचायत ने पूरी निष्ठा से जमीन पर उतारा है। हम पंचायतों की मदद से गांवों और शहरों के बीच की खाई को लगातार कम कर रहे हैं। डिजिटल क्रांति के दौर में पंचायतों को भी स्मार्ट बनाया जा रहा है। आजादी के इस अमृत काल में हम सभी देशवासियों ने विकसित भारत का सपना देखा है। इसे पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।

PM ने इन प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास किया

Advertisement
  • प्रधानमंत्री आवास योजना के 4 लाख 11 हजार लाभार्थियों को वर्चुअली गृह प्रवेश कराया। आजादी का अमृत महोत्सव समावेशी अभियान का रिमोट के जरिए शुभारंभ किया।
  • एकीकृत ई-ग्राम स्वराज और जीईएम पोर्टल और ऐप की शुरुआत की। इस ऐप पर 9 अलग-अलग सरकारी अभियानों की प्रोग्रेस देख सकेंगे। राय और अनुभव भी साझा कर सकेंगे।
  • रीवा-इतवारी ट्रेन, छिंदवाड़ा-नैनपुर ट्रेन और नैनपुर-छिंदवाड़ा ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। ग्वालियर रेलवे स्टेशन के रीडेवलपमेंट का शुभारंभ किया।
  • बीना-कोटा रेल ट्रैक का दोहरीकरण, छिंदवाड़ा-नैनपुर-मंडला फोर्ट रेल ट्रैक का गेज परिवर्तन और इलेक्ट्रिफिकेशन, बिरला नगर-उदी मोड फोर्ट रेल ट्रैक और महोबा- खजुराहो – उदयपुरा रेल ट्रैक के इलेक्ट्रिफिकेशन का लोकार्पण भी वर्चुअली किया। मध्यप्रदेश में रेल नेटवर्क अब 100% इलेक्ट्रिक हो गया है। ये रेल प्रोजेक्ट्स 2300 करोड़ से ज्यादा की लागत के हैं।
  • 35 लाख लोगों को स्वामित्व प्रॉपर्टी कार्ड प्रदान किए।

CM शिवराज बोले, प्रधानमंत्री हमारे दिल में बसते हैं

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, पीएम जल जीवन मिशन की सौगात देने आए हैं। टोटी खोलोगे तो घर-घर पानी आएगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। बाणसागर बांध का कांग्रेस के राज्य में केवल शिलान्यास हुआ, पूरा कभी नहीं बना। अब हर जगह इससे सिंचाई हो रही है। कांग्रेस के राज्य में गड्‌ढों में सड़कें हुआ करती थीं। आज गांव – गांव में फोर व्हीलर हैं। मध्यप्रदेश के किसानों की आय दोगुनी हुई है। जब पुरानी सरकार 15 महीने के लिए आ गई थी, पीएम ने घर भेजे, उस सरकार ने घर बनाए ही नहीं। पीएम ने जल जीवन मिशन के पैसे भेजे, इसे भी कांग्रेस सरकार ने लौटा दिए थे। प्रधानमंत्री हमारे दिल में बसते हैं। हमारे मन में बसते हैं और वे हमसे मन की बात करते हैं। 30 अप्रैल को ‘मन की बात’ का 100वां संस्करण यानी पीएम 100वीं बार मन की बात करेंगे।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, इससे पहले आज तक जो भी प्रधानमंत्री हुए, कभी होल से बाहर आकर गांव में पंचायतों से रूबरू नहीं हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गांव से, गरीब से, किसानों से लगाव है।

कमलनाथ बोले- आपसे ज्यादा किसान विरोधी मुख्यमंत्री कोई नहीं हुआ

कार्यक्रम में सीएम शिवराज ने कहा- मध्यप्रदेश में किसानों की आय दोगुनी हो गई। इसके जवाब में पूर्व सीएम कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा- शिवराज जी आपने प्रधानमंत्री की मौजूदगी में रीवा में घोषणा की कि मप्र में किसानों की आमदनी दोगुनी से अधिक हो गई है। मध्यप्रदेश विधानसभा में आपके वर्तमान कार्यकाल में विधायकों ने अनेक बार किसानों की आमदनी दोगुनी होने को लेकर सवाल पूछा है, लेकिन एक सवाल के उत्तर में भी किसानों की आमदनी दोगुनी होने की बात आपकी सरकार ने नहीं बताई।

कमलनाथ ने लिखा- 22 मार्च 2022 को कृषि पर बनी स्थायी समिति ने संसद में अपनी रिपोर्ट पेश कर बताया था कि मप्र के किसानों की मासिक आय 9740 रुपए से घटकर 8339 हो गई है। मैं आपसे जानना चाहता हूं कि वह कौन सी रिपोर्ट और कौन सा अध्ययन है जिसके आधार पर आपने किसानों की आमदनी दोगुनी से अधिक होने का दावा किया है। उस रिपोर्ट को सार्वजनिक कीजिए, अगर मप्र के किसान उस रिपोर्ट को सत्य मान लेंगे तो मैं स्वयं आपका अभिनंदन करूंगा।

Advertisement

सच्चाई यह है कि आपने मप्र के 34 लाख से अधिक किसानों को डिफाल्टर बना दिया है। आपने किसान कर्जमाफी बंद करके किसानों के ऊपर अत्याचार किया है। आपने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर दिया जाने वाला बोनस समाप्त कर दिया है। ओलावृष्टि और अतिवृष्टि के शिकार हुए किसानों को आज तक मुआवजा नहीं दिया है। प्रदेश के इतिहास में आपसे ज्यादा किसान विरोधी मुख्यमंत्री कोई नहीं हुआ है।

7853 करोड़ के इन योजनाओं का शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 नल – जल योजनाओं का शिलान्यास किया। इससे 4036 गांव के 947731 परिवार को पीने का पानी मिलेगा।​​​​​​

  • रीवा जिले की बाणसागर परियोजना की लागत 2319 करोड़ 45 लाख रुपए है। इससे 1411 गांव में पानी पहुंचेगा।
  • सतना बाणसागर-2 की परियोजना की लागत 2153 करोड़ 12 लाख रुपए है। इससे रीवा, सतना जिले के 295 गांव लाभांवित होंगे।
  • सीधी बाणसागर समूह नल जल योजना की लागत 1641 करोड़ 52 लाख रुपए है। इससे 677 गांव में पीने का पानी पहुंचेगा।
  • टमस समूह नल जल योजना की लागत 951 करोड़ 18 लाख रुपए है। इससे रीवा जिले के 630 गांव लाभांवित होंगे।
  • सीधी जिले की गुलाब सागर समूह नल जल योजना की लागत 788 करोड़ 63 लाख रुपए है। इससे 323 गांव लाभांवित होंगे।

आंधी से डोम तहस – नहस, रात भर में दुरुस्त
रविवार शाम आई आंधी से PM की सभा के लिए लगाए गए डोम तहस – नहस हो गए थे। बीच में लगे 150 बाई 500 फीट के दो डोम सेफ हैं, लेकिन इनके अगल-बगल लगे 200 बाई 1000 फीट के डोम को नुकसान हुआ था। आंधी से सीलिंग फट गई थी। होर्डिंग, कटआउट उड़कर दूर जा गिरे थे। कुर्सियां बिखर गई थीं। व्यवस्थाएं देख रही दिल्ली और मुंबई की मैनेजमेंट ने आसपास के जिलों से कारीगर और लेबर को बुलाकर रातों रात व्यवस्थाएं चकाचक कर दीं। सीलिंग पहले सफेद कलर की लगी थी। फटने के बाद ग्रीन कलर की नई सीलिंग लगाई गई है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

You must be logged in to post a comment Login

Leave a Reply