Connect with us

देश

इंस्टेंट लोन ऐप ने फिर ली पूरे परिवार की जान,न डॉक्यूमेंट, न CIBIL स्कोर..

Published

on

इंस्टेंट लोन ऐप ने फिर ली पूरे परिवार की जान,न डॉक्यूमेंट, न CIBIL स्कोर.. February 17, 2026

13 जुलाई को भोपाल के भूपेंद्र विश्वकर्मा अपने दो बच्चों को जहर देने के बाद पत्नी के साथ फांसी के फंदे से झूल गए। अपने 4 पन्ने के सुसाइड नोट में भूपेंद्र ने इंस्टेंट लोन ऐप से लिए कर्ज का जिक्र किया है। भूपेंद्र पर 17 लाख रुपए का कर्ज था। रिकवरी एजेंट्स ने उसका फोन नंबर को हैक करके रिश्तेदारों को अश्लील वीडियो और मैसेज भेजे।

इंस्टेंट लोन की ज्यादती का शिकार यह पहला मामला नहीं है। जून 2022 में मुंबई की एक 22 वर्षीय महिला ने लोन ऐप से 3,000 रुपए कर्ज लिए थे, लेकिन समय पर चुका नहीं पाई। कुछ दिनों बाद ही महिला की न्यूड तस्वीर उसके रिश्तेदारों के फोन नंबर पर भेजे जानी लगीं।

15 महीने में कैसे इंस्टेंट लोन ऐप के जाल में फंसा भूपेंद्र विश्वकर्मा
भूपेंद्र विश्वकर्मा के ऑनलाइन कर्ज के जाल में फंसने की कहानी को 3 हिस्से में समझते हैं…

1. पहले लालच देकर फंसाया: अप्रैल 2022 में भूपेंद्र विश्वकर्मा के वॉट्सएप पर एक ऑनलाइन काम करने का ऑफर आया। उसे कोलंबिया की एक कंपनी से ये ऑफर आया था। भूपेंद्र ने ऑफर देने वाली ई-कॉमर्स कंपनी की वेबसाइट www.csyonllem.com चेक करने के बाद ऑफर एक्सेप्ट कर लिया। शुरुआत में काम करने के बाद उसे फायदा हुआ, लेकिन जल्द ही उसे घाटा होने लगा। जैसे-जैसे भूपेंद्र घाटे में जाने लगा, कंपनी की ओर से उस पर काम का ज्यादा दबाव आने लगा।

2. कर्ज में फंसाकर लोन ऑफर किया: जब वह ज्यादा घाटे में चला गया तो उसे लोन ऑफर किया गया। भूपेंद्र को लगा कि CIBIL खराब होने की वजह से उसे कर्ज नहीं मिलेगा। लेकिन, किसी कागज के बिना इंस्टेंट लोन ऐप से उसे लोन मिल गया। फिर घाटे को खत्म करने के लिए कई बार उसने कंपनी से लोन लिया। जब तक भूपेंद्र को महसूस हुआ कि वह ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हुआ है, तब तक उस पर 17 लाख रुपए कर्ज चढ़ चुका था।

Advertisement

3. पैसे की रिकवरी के लिए अश्लील फोटो वायरल किए: जून 2023 में लोन देने वाली कंपनी पैसे की रिकवरी के लिए भूपेंद्र पर दबाव बनाने लगी। जून महीने में भूपेंद्र ने रिश्तेदारों से पैसा लेकर एक किश्त जमा की, लेकिन जुलाई में जब वह पैसा नहीं दे पाया तो कंपनी ने पैसा वसूलने के लिए खतरनाक तरीका अपनाया।

लोन देने वाली कंपनी ने भूपेंद्र के मोबाइल और लैपटॉप को हैक करके उसके बैंक से पैसे निकाल लिए। इसके अलावा रिश्तेदारों के फोन नंबर पर भूपेंद्र और उसकी पत्नी के अश्लील एडिटेड फोटो और वीडियो भेजने लगे। इन सब चीजों से भूपेंद्र बेहद परेशान हो गया। इन सबसे तंग आकर उसने पहले अपने दो बच्चों को जहर दिया और फिर पत्नी के साथ फांसी लगा ली।

बिना डॉक्यूमेंट देखे कर्ज देने वाले इंस्टेंट लोन ऐप होता क्या है?
भारत में इन दिनों महज कुछ मिनट में लोन देने वाले ऐप का बिजनेस खूब फल-फूल रहा है। इन्हीं ऐप्स को इंस्टेंट लोन ऐप कहते हैं। ये लोन देने वाले ऐप बिना किसी KYC डॉक्यूमेंट वैरिफिकेशन और बिना किसी लोन एग्रीमेंट के ही हर किसी को लोन दे रहे हैं।

ये कर्ज देने वाले किसी बैंकों या कंपनी की तरह शख्स के CIBIL स्कोर भी नहीं चेक करती है। दरअसल, CIBIL स्कोर तीन अंकों का नंबर है, जिसका उपयोग बैंक आपकी क्रेडिट योग्यता का आकलन करने के लिए करती है। यही वजह है कि इस तरह के ऐप्स भारत में खूब पॉपुलर हो रहे हैं।

2022 में गूगल ने भारत के 3500 इंस्टेंट लोन ऐप को प्ले स्टोर से हटाने का फैसला लिया। नियमों को तोड़ने की वजह से गूगल ने इन्हें बैड ऐप्स बताया था। इसके बावजूद प्ले स्टोर पर अब भी सैकड़ों इंस्टेंट लोन ऐप्स एक्टिव हैं, जो आए दिन लोगों को कर्ज के जाल में फंसा रहे हैं।

Advertisement

भारत में सैकड़ों ऐसे ऐप काम कर रहे हैं, जो लोगों को तुरंत लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों की उगाही के खेल में शामिल हैं। इन सभी ऐप्स के काम करने का तरीका लगभग एक जैसा होता है, 8 स्टेप में समझिए इंस्टेंट लोन ऐप्स कैसे काम करते हैं…

1.कोई व्यक्ति तुरंत लोन पाने के लालच में इन लोन देने वाले ऐप्स को इंस्टाल करता है।

2. डाउनलोडिंग के समय ये ऐप्स यूजर से उसकी गैलरी, कॉन्टैक्ट्स, लोकेशन आदि के एक्सेस की परमिशन मांगते हैं, जो अक्सर यूजर दे देते हैं।

3. कई बार ये ऐप्स यूजर के फोन में बिना उसकी जानकारी के ही थर्ड पार्टी ऐप्स या मालवेयर इंस्टाल कर देते हैं और इसके जरिए यूजर की निजी जानकारियां चुरा लेते हैं। इन जानकारियों का इस्तेमाल उसे ब्लैकमेल करने में होता है।

4. ये तुरंत लोन के नाम पर पूरा पैसा भी नहीं देते बल्कि 60-70% ही यूजर के खाते में ट्रांसफर किया जाता है।

Advertisement

5. मान लीजिए किसी ने 6 हजार रुपए लोन लिए, तो उसे महज 3,700-3,800 रुपए ही दिए जाएंगे, बाकी के 2,200-2,300 रुपए सर्विस और दूसरे चार्ज के नाम पर काट लिए जाते हैं।

6. अब लोन लेने वाले को ब्याज समेत 6,000 रुपए लौटाने हैं। इन ऐप्स की ब्याज दर इतनी ज्यादा होती है कि कई बार हफ्ते भर में ही लोन अमाउंट 40-50 हजार रुपए तक पहुंच जाता है।

7. फिर शुरू होता है लोन लेने वाले के साथ ब्लैकमेलिंग और शोषण का खेल, जो उससे कई गुना पैसे ऐंठने तक जारी रहता है।

8. इन ऐप्स की खासियत ये है कि ये 2 हजार से 5-7 हजार रुपए के छोटे-छोटे लोन ही देते हैं।

जब यूजर पैसा नहीं लौटा पाते हैं तो यूजर की पूरी डिटेल इकट्ठा कर चुके ये लोन ऐप मार्फ्ड और अश्लील तस्वीरें उसके परिवार को भेजकर ब्लैकमेल करने लगते हैं। ऐसे में व्यक्ति मजबूर होकर उन्हें लोन अमाउंट से कई गुना ज्यादा पैसा दे देता है। कई बार ये ऐप लोगों को इतना परेशान करते हैं कि लोग सुसाइड तक कर लेते हैं, लेकिन इन ऐप्स का धंधा चलता रहता है, क्योंकि ये कोई नया शिकार तलाश लेते हैं।

Advertisement

फ्रॉड में फंसाने वाले इन लोन ऐप्स की पहचान कैसे होती है?
किसी भी ऑनलाइन ऐप्स से कर्ज लेने से पहले उसके बारे में सही से रिसर्च करना जरूरी है। इस तरह के ऐप्स अगर किसी बैंक या नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी से जुड़े होते हैं, तभी इस पर भरोसा किया जा सकता है।

ये ऐप्स जिस बैंक या NBFC कंपनी से जुड़े होने का दावा करते हैं, उसकी वेबसाइट पर जाकर एक बार जरूर रिसर्च करना चाहिए। इसके अलावा इस तरह के ऐप्स में ऑफिस एड्रेस नहीं होता है।

कर्ज देने वाले सही ऐप्स आपसे फोटो, वीडियो आदि पर्सनल जानकारी नहीं मांगते हैं। ये ऐप्स केवल पैन, आधार जैसे डेटा KYC के लिए मांगते हैं।

क्या ये ऐप्स कानूनी हैं, नहीं तो RBI एक्शन क्यों नहीं ले रही है?
नहीं, इस तरह के कोई ऐप्स कानून का पालन नहीं करते हैंं। इन ऐप्स को लेकर दिसंबर 2022 में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी RBI ने चेतावनी जारी की थी। RBI ने आम लोगों को इस तरह के फ्रॉड डिजिटल लोन ऐप्स से दूर रहने को कहा था।

RBI ने लोगों से अपील की थी कि वे किसी अनजान व्यक्ति, अनवेरिफाइड/अनऑथराइज्ड ऐप्स के साथ अपने KYC न शेयर करें। RBI ने साथ ही लोगों से ऐसी किसी भी धोखाधड़ी वाली गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस या RBI को देने की अपील की थी।

Advertisement

ऐसे फ्रॉड को रोकने के लिए डिजिटल लेंडर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया यानी DLAI ने कहा था कि इसके लिए एक नियम बनना चाहिए। इस नियम के तहत 60 दिनों से कम के शॉर्ट टर्म लोन को मंजूरी नहीं दी जानी चाहिए। साथ ही लोन को प्रॉसेस करने से पहले निश्चित ब्याज दर दिखाई जानी चाहिए।

इंस्टेंट लोन ऐप्स सिर्फ नागरिक नहीं, देश के लिए भी खतरा
इस तरह के ज्यादातर लोन ऐप्स चीन से ऑपरेट होते हैं। इन लोन ऐप्स के जरिए फ्रॉड का धंधा नया नहीं है। 2012 में चीन में इस धंधे ने बहुत जोर पकड़ा था। इन इंस्टेंट लोन ऐप्स ने चीन में 100 अरब डॉलर के लोन बांट डाले थे।

2016 में चीनी सरकार ने इन ऐप्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की और इन पर लगाम कसने के लिए चीन ने इंटरनेट फाइनेंशियल रिस्क स्पेशल रेक्टिफिकेशन वर्क लीडरशिप टीम ऑफिस का गठन किया।

चीन सरकार ने इन ऐप्स को सभी बकाया लोन को चुकाने और अपना बोरिया-बिस्तर बांधने के लिए 2 साल का समय दिया। इसके बाद इन कंपनियों ने अपना ध्यान भारत की ओर लगाया। 2020 में कोरोना महामारी के बाद इन ऐप्स ने भारत में तेजी से पैर पसारे।

चीन के साथ ही लोन ऐप्स कंपनियां ब्रिटेन, अफ्रीकी देशों, इंडोनेशिया समेत कई अन्य देशों में भी लोगों से फ्रॉड कर चुकी हैं। हालांकि, इन सभी देशों ने ऐसे ऐप्स पर बैन लगा दिया था।

Advertisement

दिल्ली पुलिस के अनुसार, कैश एडवांस नामक लोन ऐप को एंड्रॉयड डिवाइस में प्रॉक्सी नेटवर्क बनाकर चीन में स्थित सर्वर से जोड़ा गया था।

एक्सपर्ट्स का कहना है कि इन लोन ऐप्स के सर्वर चीन में होने से ये देश की सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं। ये फेशियल रिकॉग्निशन वाली इमेज के साथ ही लोगों का पर्सनल डेटा भी ले लेते हैं। अगर व्यक्ति लोन लेते समय अपना आधार भी दे दे, तो व्यक्ति की अन्य डिटेल और ID प्रूफ से ये एक अलग आधार डेटाबेस तैयार कर सकते हैं।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

You must be logged in to post a comment Login

Leave a Reply